मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन में योग सप्ताह का शुभारंभ, पुलिसकर्मियों ने योगाभ्यास किया।
प्रत्येक वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) के अवसर पर आयोजित किए जा रहे योग सप्ताह के प्रथम दिवस, दिनांक 15 जून 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योगाचार्य द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान संबंधी अभ्यास कराए गए। साथ ही योग के माध्यम से तनावमुक्त जीवन, शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक एकाग्रता एवं सकारात्मक जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक श्री उदल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे तथा सभी ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए नियमित रूप से योग को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
योग का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ, ऊर्जावान एवं कार्यकुशल बनाए रखना है, योग सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न योग एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


