मुजफ्फरनगर। अर्जुन फाउंडेशन एवं ग्रीन फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने पीपल फॉर एनिमल (PFA) की चेयरपर्सन एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती मेनका गाँधी जी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर पशु कल्याण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने अपने द्वारा संचालित घायल एवं निराश्रित पशुओं के उपचार, पशु संरक्षण एवं प्रकृति संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी प्रदान की। साथ ही भविष्य में पशु कल्याण और पर्यावरण के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी कार्य करने हेतु मार्गदर्शन प्राप्त किया।
श्रीमती मेनका गाँधी जी ने दोनों संस्थाओं द्वारा किए जा रहे जीव सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में पशुओं और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता एवं करुणा का भाव बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पशु अधिकारों की रक्षा तथा निराश्रित पशुओं के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
अर्जुन फाउंडेशन एवं ग्रीन फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने श्रीमती गांधी का आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन को प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में पशु कल्याण एवं पर्यावरण के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधि मंडल में श्रीमती निधि सरीन, डॉ संदीप अरोरा, श्री लक्षित शर्मा, श्री नमन जैन और श्री सावन महेंद्रा सम्मिलित थे।


