मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय से एक बेहद ही हैरान और आक्रोशित कर देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के एक वार्ड में भर्ती तीन वर्षीय मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने जानलेवा हमला कर दिया। कुत्तों ने मासूम को इस कदर नोचा कि उसके शरीर पर अनगिनत गहरे जख्म हो गए हैं। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और परिजनों के साथ-साथ सैकड़ों ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, सहारनपुर जनपद के गांव खाताखेड़ी की रहने वाली तीन वर्षीय मीरद पुत्री इंतजार, शेरनगर में अपने नाना के यहां आई हुई थी। शनिवार को अचानक बुखार की शिकायत होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आवारा कुत्तों ने बच्ची को चारों तरफ से घेर कर बुरी तरह नोचना शुरू कर दिया। मासूम की चीखें सुनकर जब तक परिजन और आसपास के तीमारदार उसे बचाने दौड़े, तब तक कुत्ते बच्ची के शरीर को कई जगह से लहूलुहान कर चुके थे। लोगों ने बमुश्किल कुत्तों को दौड़ाकर बच्ची को उनके चंगुल से मुक्त करायारविवार शाम करीब 4:30 बजे अस्पताल की बिजली गुल हो गई। वार्ड के भीतर उमस और भीषण गर्मी होने के कारण परिजन बच्ची को राहत दिलाने के लिए वार्ड के बाहर आकर बैठ गए। इसी दौरान अस्पताल परिसर में खुलेआम घूम रहे आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक मासूम मीरद पर धावा बोल दिया।मामले के तूल पकड़ने पर जिला अस्पताल के सीएमएस डा. संजय वर्मा से फोन पर संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी। अगर सुरक्षा व्यवस्था या ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होगी। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है। उसे अस्पताल में फिर से भर्ती कर ‘बेस्ट से बेस्ट’ इलाज दिया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही देर शाम करीब 7:30 बजे शेरपुर के ग्राम प्रधान शोएब लंबरदार सैकड़ों ग्रामीणों के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए। ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद काफी देर तक अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।


