Skip to main content

TR NEWS UP-UK

घर पर हमला कर भाजपा नेता की हत्या : पथराव व तोडफोड, सांप्रदायिक तनाव

देहरादून। विकास नगर में सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक विनोद कुमार की हत्या के बाद इलाके में सांप्रदायिक तनाव के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपितों के घरों पर पथराव और तोड़फोड़ की, जबकि कुछ सामान को आग के हवाले कर दिया। मामले में 12 नामजद समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम पानी के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे, हथौड़े और अन्य धारदार हथियारों के साथ भगवत प्रसाद के घर पहुंच गए और परिवार पर हमला कर दिया। हमले में भाजपा नेता विनोद कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके भाई अशोक कुमार, राजेश और भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। वहीं पुलिस और प्रशासन की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और आरोपितों के मकानों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Taja Report
Author: Taja Report

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *