मुजफ्फरनगर। प्रेम जाल में फंसाकर मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर थाना तितावी क्षेत्र के गांव गढ़ी देशराज में 27 वर्षीय युवा व्यापारी आयुष देशवाल फांसी के लगाकर आत्महत्या कर ली। वह बघरा पुलिस चौकी के सामने स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाता था, अपने पीछे एक ऐसा सुसाइड नोट छोड़ गया है जो किसी की भी रूह कंपा दे।
सुसाइड नोट में आयुष ने लिखा है कि प्रिया उससे लगातार पैसों की मांग करती थी और काफी पैसा ले चुकी थी। सुसाइड नोट के मुताबिक, आरोपी युवती और उसकी मां उसे ‘पर्सनल फोटो’ वायरल करने की धमकी देकर डराते थे। नोट में जिक्र है कि युवती की मां ने उसे धमकाया था कि यदि उसने अंशिका को छोड़ा, तो वह उसकी फोटो वायरल कर देगी। आयुष ने लिखा कि उसने अपनी मां और भाई को समझाने के लिए उनके घर भी भेजा था, लेकिन वहां उनके साथ भी ‘बदतमीजी’ की गई। सुसाइड नोट के अंत में आयुष ने पुलिस और अपने भाइयों (काशी, अभिषेक, उज्जवल) से भावुक अपील की है कि “उन्हें ऐसी सजा मिले कि वो कभी जेल से बाहर न आ पाएं।” उसने यह भी लिखा कि “मैं और टॉर्चर नहीं सह पा रहा हूँ, मुझे माफ करना।”
परिजनों के मुताबिक, रात तक सब कुछ ठीक था। आयुष ने किसी को आभास भी नहीं होने दिया कि उसके मन में क्या चल रहा है। लेकिन जब सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और परिजनों ने अंदर देखा, तो देखा कि आयुष का शव पंखे से लटका हुआ था। घर का इकलौता सहारा अब इस दुनिया में नहीं था। पिता की मौत के बाद आयुष अपने घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। पिता नीरज की पहले मौत हो चुकी है। आयुष की मौत के बाद मां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके से बरामद दो पन्नों के सुसाइड नोट में आयुष ने अपनी मौत का जिम्मेदार प्रिया (बदला हुआ नाम) और उसकी मां को ठहराते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से प्रताड़ना झेल रहा था।