मुजफ्फरनगर। पचेंडा रोड स्थित दिव्य ध्यान योग आश्रम में शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने भाग लेकर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज से जिला पंचायत सदस्य प्रमोद कश्यप, यशपाल सिंह, देवी सिंह, सतेंद्र सिंह, अतर सिंह एवं विनोद शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मुलाकात की। इस अवसर पर क्षेत्र के विकास, सामाजिक समरसता, युवाओं की भागीदारी, जनसमस्याओं के समाधान तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आमजन को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने आपसी सहयोग, भाईचारे और जनसेवा की भावना को मजबूत करने पर बल दिया। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर अपने विचार रखे तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री ऋषभदेव शर्मा, केके शर्मा, गोपाल शर्मा, नितिन कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी ने समाज और क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया।


