मुजफ्फरनगर।उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ‘रील’ देखने के बाद प्रैंक मजाक करने के चक्कर में दो नाबालिग लड़कों ने एक प्रतिष्ठित व्यापारी का जीना मुहाल कर दिया। आरोपियों ने व्यापारी को वॉट्सऐप कॉल कर बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और खुद को मुजफ्फरनगर के एसपी का भतीजा बताते हुए धमकी तक दे डाली। पीड़ित की शिकायत पर जब पुलिस ने जांच की तो इस पूरे मामले के पीछे की जो हकीकत सामने आई, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आबकारी चौकी का है। आर्यपुरी निवासी अभिषेक तायल, ‘शक्ति इलेक्ट्रिकल्स’ के नाम से बिजली के सामान का व्यवसाय करते हैं। अभिषेक के मुताबिक, बीती सोमवार (8 जून) की रात करीब 12 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई।
अभिषेक ने जैसे ही फोन उठाया, सामने वाले ने बेहद बदतमीजी और अश्लील भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। आरोपी ने कहा, “अभी मेरे घर आकर टॉयलेट साफ करो… टॉयलेट ज्यादा गंदा है, इसलिए मुंह से सारी गंदगी साफ करनी होगी। अगर यह काम नहीं किया तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना।” रात अधिक होने के कारण व्यापारी ने फोन काट दिया और मोबाइल साइलेंट कर सो गए।
अगली सुबह जब अभिषेक उठे, तो उनके फोन पर मिसकॉल और वॉट्सऐप मैसेज की झड़ी लगी हुई थी। परेशान होकर जब उन्होंने वापस फोन मिलाया और लगातार परेशान करने का कारण पूछा, तो आरोपी और ज्यादा भड़क गया। जब व्यापारी ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी ने रौब झाड़ते हुए कहा, “मेरा चाचा मुजफ्फरनगर का SP है। तेरे पुलिस में जाने से पहले उनसे बोलकर तेरा भूत उतरवा दूंगा।”
इतना ही नहीं, आरोपी ने वॉट्सऐप पर ‘बसंत’ नाम के एक व्यक्ति का नंबर भेजकर दावा किया कि यही उसके चाचा है, जो मुजफ्फरनगर के एसपी हैं।
व्यापारी अभिषेक तायल ने जब अपने स्तर पर उस नंबर की पड़ताल की, तो पता चला कि वह नंबर भोपा रोड स्थित HDFC लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के ऑफिस में पूर्व में काम करने वाले किसी कर्मचारी का है। जब वे वहां पहुंचे तो मालूम हुआ कि बसंत नाम का वह व्यक्ति वहां कोई पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि ड्राइवर की नौकरी करता था, जो करीब दो महीने पहले काम छोड़कर किसी दूसरे शहर जा चुका है। इसके बाद पीड़ित व्यापारी ने आबकारी चौकी प्रभारी से मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी और ऑडियो-वीडियो साक्ष्य पुलिस को सौंपे।
पीड़ित व्यापारी अभिषेक तायल ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व भी उनकी दुकान पर जानलेवा हमला हो चुका है, जिसमें अज्ञात बदमाश गोली चलाकर फरार हो गए थे। उस मामले में आज तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है। इस नई घटना के बाद से उनका पूरा परिवार दहशत में था
मामले को गंभीरता से लेते हुए जब आबकारी पुलिस चौकी ने नंबरों की सीडीआर (CDR) और बारीकी से जांच की, तो पूरा मामला ‘प्रैंक’ का निकला। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो लड़के शामिल हैं और दोनों ही नाबालिग हैं।
पहला लड़का नई मंडी क्षेत्र का रहने वाला है, जिसे पुलिस ने कोतवाली बुलाकर पूछताछ की। बाद में उसने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी, जिसके बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
मुख्य आरोपी (दूसरा लड़का) जिला परिषद मार्केट के एक दवा कारोबारी का बेटा है। वह फिलहाल अपने मामा के घर बनारस (वाराणसी) गया हुआ है। पुलिस ने उसे भी पूछताछ के लिए तलब किया है।
इस पूरे मामले पर आबकारी पुलिस चौकी के प्रभारी निरीक्षक शशि कपूर ने बताया कि दोनों लड़के नाबालिग हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ‘रील’ देखी थी, जिससे देखकर वे प्रैंक (मजाक) करना चाहते थे। लेकिन कॉल के दौरान व्यापारी और लड़कों के बीच ‘हॉट टॉक’ (बहस) हो गई, जिसके बाद लड़कों ने तैश में आकर पुलिस अधिकारी के नाम की फर्जी धमकी दे डाली। दूसरे मुख्य आरोपी लड़के को भी बुलाया गया है, मामले में आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों ने इंटरनेट से व्यापारी का नंबर लिया था।


