मुजफ्फरनगर। गूगल मैप एक बार फिर धोखेबाज निकला। इसके चक्कर में पुलिस भर्ती के चार कैंडिडेट मुजफ्फरनगर के स्थान पर शामली पहुंच गए और उनकी परीक्षा छूट गई।
पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने कहा कि 4 अभ्यर्थियों की उ0प्र0 पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा दीपचन्द ग्रीन इण्टर कॉलेज, मुजफ्फरनगर में निर्धारित थी। किन्तु गूगल मैप पर उक्त कॉलेज की लोकेशन जनपद शामली प्रदर्शित होने के कारण अभ्यर्थी भ्रमवश जनपद शामली पहुंच गए, जिससे उनकी परीक्षा छूट गई। प्राप्त प्रार्थना-पत्र के आधार पर इस संबंध में गूगल एवं भर्ती बोर्ड से आवश्यक पत्राचार/वार्ता की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों द्वारा की गई मांग के अनुरूप यह अनुरोध किया जाएगा कि भविष्य में परीक्षा प्रवेश-पत्र पर परीक्षा केन्द्र की लोकेशन हेतु क्यूआर कोड अंकित किया जाए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

