स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज का संदेश- एकजुट होकर सनातन धर्म को करें मजबूत
शोभायात्रा में धार्मिक धुनें बजा रहे थे दर्जनों प्रसिद्ध बैंड, आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोहा
मुजफ्फरनगर। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के
अवसर पर आज नगर में भगवान परशुराम जी की शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होकर निकली। शोभा यात्रा में अनेक प्रसिद्ध बैंड धार्मिक धुनें बजाकर माहौल को श्रद्धामय कर रहे थे। इस दौरान अनेक स्थानों पर शोभा यात्रा का फूल बरसाकर जोरदार स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
मिली जानकारी के अनुसार आज नगर में भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया। शोभा यात्रा से पूर्व प्रात: 11 बजे हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन के पश्चात शोभायात्रा टाउनहॉल से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आगे बढ़ी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज को जाति-बिरादरी में बंटने के बजाय एकजुट होकर सनातन धर्म को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने आयोजन समिति के अध्यक्ष सरनदीप कौशिक उर्फ शिशु प्रधान सहित सभी आयोजकों को भव्य और सफल आयोजन के लिए बधाई दी। शोभायात्रा में दर्जनों आकर्षक रथों के साथ सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सुंदर झांकियां निकाली गईं, जो भगवान परशुराम के जीवन और सनातन संस्कृति को दर्शा रही थीं। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। हाथों में फरसे और भगवा झंडे लेकर जयघोष करते हुए वे पूरे मार्ग में जोश भरते रहे। शोभा यात्रा ने टाउन हाल से शुरू होकर मालवीय चौक, अंसारी रोड, आबकारी रोड, हनुमान चौक, भगत सिंह रोड, शिव चौक, झांसी की रानी और सदर बाजार होते हुए टाउनहाल पर विराम लिया। शोभा यात्रा में शामिल अनेक सुन्दर झांकियों ने श्रद्धालुओं और नगरवासियों का मन मोह लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कडे बंदोबस्त रहे और चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल, उत्तराखंड के खानपुर से विधायक उमेश शर्मा, सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम सहित व्यापारी नेता संजय मिश्रा, के.के. शर्मा, ऋषभदेव शर्मा, विवेक बालियान, कन्हैया शर्मा, आर्यन राज कौशिक, नरेन्द्र पंवार, देशराज चौहान, सुरेन्द्र मित्तल, रवि शर्मा, रमन शर्मा, अमित शर्मा, मनीष शर्मा, रोहित शर्मा, राघव मिश्रा, शंकर सिंह भोला, शरद शर्मा, हरेंद्र शर्मा, अखिलेश शर्मा, ब्रह्मप्रकाश शर्मा, संदीप शर्मा, सुनील तायल, गोपाल शर्मा, पंकज शर्मा और नितिन कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान शहर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


