हरिद्वार। सप्तऋषि इलाके में शांतिकुंज के निकट सोमवार को एक भयावह सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार डंपर ने निजी बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में राजस्थान की एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए।
बस राजस्थान के नागौर जिले के यात्रियों से भरी हुई थी। सभी यात्री गंगा स्नान के बाद वापस लौट रहे थे। बस में कुल 45 यात्री सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि बस पलटने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सड़क किनारे स्थित एक ढाबे के CCTV कैमरे में यह पूरा हादसा दर्ज हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बस को सड़क किनारे बैक किया जा रहा था। उसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे डंपर ने बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बस तुरंत पलट गई।
टक्कर के बाद डंपर भी अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित ढाबे में घुस गया। गनीमत रही कि उस समय ढाबे में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। डंपर की चपेट में आने से ढाबे के बाहर खड़ी एक बोलेरो कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 31 लोग घायल हुए, जिनमें 24 महिलाएं, 5 युवक और 2 बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को हरिद्वार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक महिला राजस्थान के नागौर जिले की निवासी बताई जा रही हैं। आपदा प्रबंधन टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। चिकित्सकों ने मौके पर ही एक महिला को मृत घोषित कर दिया।

