Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर 301वीं जयंती पर पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने स्मारक पर पहुंचकर पुष्प किये अर्पित

अहिल्याबाई नारी शक्ति, न्याय और लोककल्याण की अमर प्रतीकः मीनाक्षी स्वरूप

मुजफ्फरनगर। भारतीय संस्कृति, सुशासन और लोककल्याण की अमिट प्रतीक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर रविवार को मुजफ्फरनगर में श्रद्धा और सम्मान का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला। देवी अहिल्याबाई होल्कर स्मारक समिति द्वारा आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

रविवार को देवी अहिल्याबाई होल्कर स्मारक समिति की ओर से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर जिला अस्पताल चैराहे स्थित उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप तथा वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने पहुंचकर लोकमाता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान आयोजित हवन कार्यक्रम में भी दोनों ने सहभागिता कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं समाज कल्याण की कामना की। समारोह में उपस्थित लोगों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के महान व्यक्तित्व, न्यायप्रिय शासन व्यवस्था और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। साथ ही उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के उत्थान एवं जनकल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया गया।

नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारत की गौरवशाली संस्कृति, लोककल्याणकारी शासन और सनातन मूल्यों की अमर प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि महारानी अहिल्याबाई केवल एक महान शासक ही नहीं थीं, बल्कि नारी शक्ति, करुणा, न्याय और धर्मपरायणता की अद्भुत प्रतिमूर्ति थीं। उनके शासनकाल में जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। उन्होंने देशभर में मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं और तीर्थस्थलों का पुनर्निर्माण कराकर भारतीय संस्कृति को नई पहचान दी तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनके योगदान को समाज में अविस्मरणीय बनाने के लिए हमने उनके स्मारक को नई पहचान दी। नगरपालिका परिषद् के द्वारा इस स्मारम पर करीब सवा करोड़ रुपये का बजट खर्च किया गया है, ये हमारा सौभाग्य है कि इस स्मारक का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करकमलों से हुआ, अब पालिका सरवट रोड पर स्मारक के पास ही देवी अहिल्याबाई होल्कर द्वार का निर्माण कराने जा रही है। इसका शिलान्यास जल्द ही होगा।

वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने कहा कि काशी से लेकर सोमनाथ तक उनके द्वारा कराए गए निर्माण कार्य आज भी भारतीय संस्कृति और सनातन चेतना की अमिट पहचान बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन त्याग, सेवा, धर्म और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनका व्यक्तित्व आज भी भारतीय नारी शक्ति और सुशासन के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने लोकमाता के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। समारोह श्रद्धा, भक्ति और प्रेरणा के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर देवी अहिल्याबाई होल्कर स्मारक समिति के अध्यक्ष डाॅ. देशबंधु तोमर ने पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और गौरव स्वरूप को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। यहां मुख्य रूप से राजवीर पाल, दर्शन सिंह, रोहताश पाल, सभासद अमित पाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *