मुजफ्फरनगर। किसी से फोन पर करती थी बात, इसलिए भाई ने बहन की गला रेतकर हत्या कर दी।
रविवार को लगभग 12:50 बजे थाना शाहपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आदमपुर में एक भाई द्वारा अपनी बहन की गला रेत कर हत्या कर दी गयी है। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह, थानाध्यक्ष शाहपुर गजेन्द्र सिंह मय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मृतका का नाम अदीबा पुत्री शकील उर्फ वीर कुरैशी, उम्र लगभग 21 वर्ष है। जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आये कि अदीबा उपरोक्त किसी युवक से वार्ता करती थी जिससे नाराज होकर उसके भाई द्वारा अदीबा की हत्या कर दी गयी। घटनास्थल से फॉरेन्सिक टीम द्वारा साक्ष्य संकल्न की कार्यवाही की गयी है तथा शव को पोस्टमार्टम की कार्यवाही हेतु भेजा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मृतका की माता से भी वार्ता की गयी है। थाना शाहपुर पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया है, शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः सामान्य है तथा स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।


