Taja Report

मुज़फ्फरनगर: ‘ब्लैक पेपर’ रेस्टोरेंट पर कब्जे को लेकर हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति

मुज़फ्फरनगर। एक रेस्टोरेंट को लेकर किरायेदारी विवाद ने रविवार को बड़ा रूप ले लिया, जब ‘ब्लैक पेपर’ नाम से संचालित रेस्टोरेंट पर कब्जे को लेकर जमकर हंगामा हो गया। मामले में विधवा मकान मालकिन ने रेस्टोरेंट संचालक पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, विक्रांत बालियान पिछले करीब 7 वर्षों से किराए की दुकान में ‘ब्लैक पेपर’ नाम से रेस्टोरेंट का संचालन कर रहा था। बताया गया कि करीब 7 महीने पहले किराया अनुबंध समाप्त हो चुका था, जिसके बाद से संचालक लगातार दुकान खाली करने के लिए समय मांगता रहा।

 

कुछ दिन पहले पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी हुई थी, जिसमें रेस्टोरेंट संचालक ने लिखित रूप से 5 अप्रैल तक दुकान खाली करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और रविवार को स्थिति अचानक बिगड़ गई। विधवा मकान मालकिन सोनिया ने आरोप लगाया कि रेस्टोरेंट संचालक दबंगई दिखा रहा है और उन्हें जान-माल का खतरा है। उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। इसी बीच सोनिया के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट संचालक को बाहर निकाल दिया और दुकान पर ताला जड़ दिया। घटना के दौरान मौके पर काफी हंगामा हुआ और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर दरोगा संदीप धारीवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद फिलहाल रेस्टोरेंट पर मकान मालकिन का कब्जा बताया जा रहा है। वहीं, मकान मालकिन ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा कब्जा करने की कोशिश की गई तो वह कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के दस्तावेजों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *