सहारनपुर । यूपी एटीएस ने मुजफ्फरनगर के एक युवक समेत चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये लोग पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल से जुड़े थे और उसके लिए जासूसी कर रहे थे। पकड़े गए युवकों सहारनपुर निवासी महकाब व शाहरुख, मुजफ्फरनगर के थाना रामराज निवासी गगनदीप उर्फ गुरी सिंह और हरिद्वार निवासी मुशर्रफ शामिल हैं।
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी आईएसआई के इशारे पर पश्चिमी यूपी के युवाओं को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए लगातार बरगला रहा है। एडीजी कानून-व्यवस्था एवं एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि इस माड्यूल के बारे में एटीएस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से जांच की थी जिसमें चारों की संलिप्तता पाकिस्तानी गैंगस्टर्स के अलावा आईएसआई के हैंडलर्स के साथ होने के प्रमाण मिले थे। चारों पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे और उसके इशारे पर संवेदनशील जगहों की रेकी करने के साथ देशविरोधी गतिविधियों के लिए युवाओं को शामिल कर रहे थे। चारों सोशल मीडिया एवं वीडियो कॉलिंग के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर संवेदनशील स्थलों की रेकी करने के साथ युवाओं को आतंकी गतिविधियों की साजिश में शामिल होने के लिए जोड़ रहे थे। इसके पुख्ता सुबूत मिलने पर चारों को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है। उन्हें रिमांड पर लेकर आईएसआई के मंसूबों के बारे में पूछताछ की जाएगी। इससे पहले भी शहजाद के संपर्क में रहने वाले आधा दर्जन से अधिक युवाओं को पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड से गिरफ्तार किया जा चुका है। इन सभी को सामरिक महत्व की जगहों, महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों, हिंदूवादी नेताओं को निशाना बनाने का टास्क सौंपा जाता है। बदले में लाखों रुपये और हथियार मुहैया कराए जाते हैं।


