पटना। बिहारशरीफ स्थित मघड़ा के प्रसिद्ध माता शीतला मंदिर में मौत का तांडव मच गया। मंगलवार की सुबह चैत्र मास के अंतिम मंगलवार की पूजा के दौरान अचानक फैली एक अफवाह ने नौ महिलाओं की जान ले ली। इस हृदयविदारक हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हैं, जिनमें से कई की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैत्र माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण सुबह से ही मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं का तांता लगा था। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पूजा के दौरान मंदिर के भीतर किसी बात को लेकर अचानक अफवाह फैली। अफवाह फैलते ही सुरक्षित बाहर निकलने की होड़ लग गई और लोग एक-दूसरे को कुचलते हुए भागने लगे। भीड़ के अनियंत्रित दबाव में महिलाएं और बच्चे नीचे गिर गए, जिन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। जब तक भीड़ छंटी, तब तक घटनास्थल पर लाशों का ढेर लग चुका था, अभी तक नौ महिलाओं की मौत हो चुकी है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

