Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर नकली पनीर और रसगुल्लों के कारोबार पर छापा

मुज़फ्फरनगर । चरथावल क्षेत्र में नकली खाद्य पदार्थों के कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई गांवों में जबरदस्त छापेमारी अभियान चलाया। एसडीएम सदर प्रवीण द्विवेदी ने पुलिस फोर्स और खाद्य विभाग की टीम के साथ मिलकर गांव चौकड़ा, कुल्हड़ी और कूटेसरा समेत आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और कई कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। प्रशासन को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि इन गांवों से नकली पनीर, रसगुल्ले और अन्य मिलावटी खाद्य पदार्थ तैयार कर आसपास के कई जिलों में सप्लाई किए जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान टीम ने कई स्थानों पर संदिग्ध खाद्य सामग्री की जांच की और मौके से पनीर, मावा, रसगुल्ले समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच के लिए लिए गए सैंपलों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एसडीएम सदर प्रवीण द्विवेदी ने कहा कि त्योहारों और शादी समारोहों के सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में नकली डेयरी उत्पादों का कारोबार फल-फूल रहा था, लेकिन प्रशासन की ओर से इतनी बड़ी कार्रवाई पहली बार देखने को मिली है। छापेमारी के दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *