बिजनौर। शहर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक डॉगी बाइक पर टंगी 1 लाख रुपये से भरी थैली मुंह में दबाकर ले भागी। पूरी घटना मस्जिद के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र की नई बस्ती चाहशीरी निवासी नवाब अहमद जानवरों की दवाइयों का मेडिकल स्टोर चलाते हैं। शनिवार दोपहर वह 500-500 रुपये की दो गड्डियां एक काली पन्नी में रखकर किसी दोस्त को देने जा रहे थे। रास्ते में पुरानी तहसील के पास स्थित किले वाली मस्जिद में जोहर की नमाज का समय होने पर वह नमाज पढ़ने चले गए। जल्दबाजी में उन्होंने रुपयों से भरी थैली अपनी बाइक पर ही टांग दी। करीब 10 मिनट बाद जब नवाब अहमद नमाज पढ़कर बाहर लौटे तो बाइक से थैली गायब थी। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी किसी संदिग्ध व्यक्ति को वहां नहीं देखा।
काफी देर तलाश करने के बाद मस्जिद के बाहर लगे CCTV कैमरे की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दिखाई दिया कि काले रंग की एक डॉगी बाइक के पास पहुंची और थैली को अपने जबड़े में दबाकर वहां से चली गई। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। इसके बाद नवाब अहमद और उनके परिजनों ने आसपास की झाड़ियों, नालों और अन्य स्थानों पर कई घंटों तक थैली की तलाश की, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। नवाब अहमद ने बताया कि मामला किसी इंसान द्वारा चोरी का नहीं, बल्कि एक जानवर से जुड़ा है, इसलिए पुलिस में शिकायत नहीं की गई। उन्होंने कहा कि “ऊपर वाला चाहेगा तो पैसा वापस मिल जाएगा।”

