नोएडा। सपा नेता राजकुमार भाटी के विवादित बयान को लेकर ग्रेटर नोएडा के गामा सेक्टर में एक बैठक में विवाद का पटाक्षेप होने का दावा किया गया है।
यह बैठक ग्रेटर नोएडा में चौधरी चरण सिंह विचार मंच के कार्यालय पर हुई। बैठक में राजकुमार भाटी ने पूरी स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि हो सकता है उस दिन मैंने जो बोला उसका तरीका शायद ऐसा हो गया कि मैं जो बात बताना चाहता था उसके दूसरे मायने निकल गए हो जबकि मेरे कहने का सिर्फ इतना मतलब था कि जाट और गुर्जर हमेशा एक ही साथ रहे है। राजकुमार भाटी ने स्पष्ट बोला कि उस दिन जो बातें बोली गयी वें सब महाभारत के संदर्भ में थीं और एक से अधिक पति वाली बात का मतलब सिर्फ इतना था कि जाट-गुर्जरों में महिलाओं को विधवा नहीं रखा जाता था उनको सामाजिक अपमान ना झेलना पड़े और नारकीय जीवन ना जीना पड़े इसलिए अगर किसी के पति की मौत हो जाती थी तो पति के भाई के साथ उसकी शादी करा दी जाती थी ताकि वो भी सम्मान के साथ अपना जीवन जी सके, जो कि वर्तमान समय के लिए नहीं बल्कि पूर्व के समय के लिए बोला गया था। श्री भाटी ने आगे कहा कि गुर्जर और जाट समाज ने अन्य दूसरे समाज के मुकाबले महिलाओं के सम्मान को ज्यादा बेहतर तरीके से बनाये रखने के प्रयास किये जो की सराहनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि जाट-गुर्जर हमेशा देशभक्त रहे हैं और हमारी महिलाएं हमेशा अपने कुल का गौरव रही हैं। संस्कार, इज्जत मान सम्मान को हमारी स्त्रियों ने हमेशा सर्वोपरि रखा है तथा हम भी सर्वोपरि रखते हैं।
ग्रेटर नोएडा में जाट तथा गुर्जर समाज के नागरिकों की बैठक में महत्चपूर्ण फैसला लिया गया। राजकुमार भाटी के द्वारा स्थिति को स्पष्ट करने के बाद बैठक में यह प्रस्ताव पास किया गया कि अब इस विषय पर कोई विवाद शेष नहीं बचा है। इस बैठक का एक वीडियो राजकुमार भाटी ने अपने एकाउंट से सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया है। जाट तथा गुर्जर समाज के अनेक प्रबुद्ध लोगों ने भी वीडियो को अपने-अपने सोशल मीडिया एकाउंट के द्वारा पोस्ट किया है।

