मुजफ्फरनगर। शहर के मेरठ रोड स्थित ग्राम सुजडू में औद्योगिक क्षेत्र में राज्य वस्तु एवं सेवाकर की जांच की टीम ने एक बड़ी इस्पात फैक्ट्री पर औचक छापेमारी की कार्यवाही की गई । जिससे जिलेभर के उद्योगों में हडकंप मचा हुआ है। सुजडू के अरिहंत लेन स्थित एसएमआर इस्पात फैक्ट्री पर की गई है। बताया जा रहा है कि विभाग को लंबे समय से यहां इनपुट टैक्स क्रेडिट और टैक्स भुगतान में गंभीर अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। इसलिए विभाग द्वारा यह बड़ा कदम उठाया गया है।
सूत्रों से पता चला है कि एसजीएसटी की एसआईबी टीम ने फैक्ट्री परिसर में दाखिल होते ही सबसे पहले खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेजों और स्टॉक रजिस्टर को अपने कब्जे में ले लिया। यह फर्म केवल लोहे की वस्तुओं का निर्माण ही नहीं करती, बल्कि बड़े पैमाने पर सप्लायर और ट्रेडिंग के कार्य से भी जुड़ी है। यहां मुख्य रूप से एंगल, फ्लैट्स और स्क्वायर एंगल तैयार किए जाते हैं। फर्म के बहुआयामी कामकाज को देखते हुए अधिकारी एक-एक बिंदु और हर एक सप्लायर चेन की कड़ियों को आपस में जोड़कर कड़ाई से पड़ताल कर रहे हैं।राज्य वस्तु एवं सेवाकर की विशेष जांच शाखा के संयुक्त आयुक्त सिद्धेशचंद दीक्षित ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि टैक्स में प्रथम दृष्टया गड़बड़ी के पुख्ता आधार मिलने पर ही सुजडू की एसएमआर इस्पात फैक्ट्री पर यह जांच बैठाई गई है। छापेमारी की इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को एसआईबी के उपायुक्त मनोज कुमार शुक्ला के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम अंजाम दे रही है। यह कार्रवाई मंगलवार देर शाम शुरू हुई, जिसकी अभी काफी लंबी चलने की आशंका जताई जा रही है।राज्य वस्तु एवं सेवाकर की विशेष जांच शाखा के संयुक्त आयुक्त सिद्धेशचंद दीक्षित का कहना है कि हमारी टीम एक-एक रिकॉर्ड और बारीकियों को परख रही है। इसके आधार पर ही टैक्स और अन्य वित्तीय गड़बड़ियों का सही आकलन हो सकेगा। फर्म में किस स्तर की और कितने रुपये की अनियमितता हुई है, इसकी पूरी स्थिति जांच प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ही साफ हो पाएगी। इस बड़ी छापेमारी के बाद से स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के अन्य सप्लायरों और व्यापारियों में भी खलबली का माहौल है। पुलिस और प्रशासनिक सतर्कता के बीच विभाग के अधिकारी पूरी मुस्तैदी से वित्तीय दस्तावेजों का मिलान करने में जुटे हैं। इस औचक निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। जीएसटी टीम की कार्रवाई को देखते हुए आसपास के कई अन्य व्यापारियों ने भी एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।


