मुजफ्फरनगर। 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में बताया गया कि परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें कुल 7008 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी और संचालन के लिए 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 15 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 15 केंद्र व्यवस्थापक तथा 1528 अंतरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व की तरह इस परीक्षा को भी पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में सभी सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। केंद्र व्यवस्थापकों को पेयजल, बिजली, जनरेटर, पंखे, महिला-पुरुष शौचालय और सुरक्षा संबंधी सभी इंतजाम समय से पूर्ण करने के लिए कहा गया। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, कर्मचारियों को पहचान पत्र जारी करने तथा अनावश्यक व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और किसी भी प्रकार की पर्चियां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। सभी अभ्यर्थियों की परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन और गहन जांच अनिवार्य होगी।
पुलिस प्रशासन को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे चलाने की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो। बैठक के अंत में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह ने 22 मई से शुरू होने वाली मकान गणना और स्व-गणना अभियान को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए तथा नागरिकों से स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज करने की अपील की।


