मुजफ्फरनगर। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में फरार आरोपी राजकुमार सिंह को सीबीआई ने मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को दिल्ली- देहरादून नेशनल हाईवे स्थित छपार टोल प्लाजा से उस समय दबोचा गया, जब वह हरिद्वार से गंगा स्नान कर परिवार के साथ वापस लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार सीबीआई के डीएसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने छपार पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी राजकुमार सिंह पुत्र त्रिभुवन नारायण सिंह निवासी रातोपुर, पोस्ट चिल्काहार, थाना रासरा जनपद बलिया का रहने वाला है। जांच एजेंसियों के अनुसार राजकुमार सिंह हत्या में शामिल गैंग का शार्प शूटर बताया जा रहा है। बताया गया कि ज्येष्ठ अमावस्या के अवसर पर आरोपी अपने परिजनों के साथ हरिद्वार गंगा स्नान के लिए गया था। इसकी सूचना सीबीआई को पहले ही मिल चुकी थी। इस एजेंसी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छपार टोल पर नाकेबंदी की और उसे दबोच लिया।


