मुज़फ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव बसी वेल्ली गांव में नवरात्र के दौरान कुट्टू का आटा खाने से एक ही परिवार के 7 लोग बीमार हो गए। जानकारी के अनुसार बसी वेल्ली गांव निवासी मांगेराम के परिवार ने नवरात्र का भोजन किया था, जिसमें कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के कुछ देर बाद ही परिवार के सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
बीमार होने वालों में रामकिशन, मीनू, वंश, कशिश, नैतिक, संजना और आकांक्षा शामिल हैं। सभी को पहले शनिवार सुबह बुढ़ाना सीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला चिकित्सालय मुज़फ्फरनगर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार मिलावटी या खराब कुट्टू का आटा खाने से फूड पॉयजनिंग की शिकायत हो सकती है।
लोगों से अपील जागरूकता
नवरात्र या व्रत में उपयोग होने वाला कुट्टू का आटा हमेशा विश्वसनीय दुकान से ही खरीदें।
पैक्ड और ताजा आटा ही इस्तेमाल करें।
आटे में गंध या रंग में बदलाव दिखे तो उसका उपयोग न करें।
खाने के बाद उल्टी, चक्कर या पेट दर्द जैसी समस्या हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि व्रत के दौरान इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


