Taja Report

श्रीकृष्ण ने समाज को धर्म, प्रेम और करुणा का संदेश दिया: हिमेश शास्त्री जी महाराज

भागवत कथा में श्रीकृष्ण बाललीला और गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन

सनातन धर्म सभा भवन में चल रही कथा के पांचवें दिन छप्पन भोग और अन्नकूट महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मुजफ्फरनगर। शहर के सनातन धर्म सभा भवन में समस्त अग्रवाल परिवार के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद भागवत कथा में सोमवार को भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान श्रीकृष्ण की बाललीलाओं और गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा के पांचवें दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कर भक्ति भाव में डूबे दिखाई दिए। इसके पश्चात छप्पन भोग और अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ, सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर श्री कृष्ण की महिमा का गुणगान किया।
कथा वाचक हिमेश शास्त्री जी महाराज (मथुरा वाले) ने व्यासपीठ से कथा का वाचन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की बाललीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि बाल्यावस्था में श्रीकृष्ण ने अपनी दिव्य लीलाओं के माध्यम से समाज को धर्म, प्रेम और करुणा का संदेश दिया। उनकी बाललीलाएं केवल मनोरंजन नहीं बल्कि मानव जीवन के लिए गहरे आध्यात्मिक संदेश भी देती हैं।
कथा के दौरान गोवर्धन लीला का भी भावपूर्ण वर्णन करते हुए कथावाचक हिमेश शास्त्री जी महाराज ने बताया कि जब इंद्र के प्रकोप से ब्रज में घनघोर वर्षा होने लगी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों की रक्षा की। यह लीला भगवान की करुणा और अपने भक्तों के प्रति उनके अटूट प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने जीवन में आनन्द पाने के लिए भक्ति मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि भगवान का स्वरूप आनन्दमय है, जब भगवान के प्रति हमें भक्ति प्राप्त होती है, तभी जीवन में आनन्द प्रकट होता है, आनन्द हमारे अंदर छिपा है, ये बाहर परिश्रम से, त्याग से और तपस्या से आता है, जिस प्रकार सभी को ज्ञात है कि दूध में घी छिपा है, लेकिन वो बाहर परिश्रम से ही आ पाता है। आहार और व्यवहार सात्विक हो तो भक्ति मिलती है और भक्ति के आने से आनंद प्राप्ति होगी।
मुख्य यजमान के रूप में अंकुर दुआ (संपादक मुजफ्फरनगर बुलेटिन), मयंक मित्तल, संदीप अग्रवाल (दिल्ली) और गौरांग गर्ग (बल्लू खादी वाले) रहे। अभिनव अग्रवाल ने सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर छप्पन भोग और अन्नकूट महोत्सव का भी भव्य आयोजन किया गया। भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पित किया गया और अन्नकूट के रूप में अनेक प्रकार के खाद्य पदार्थों से भोग सजाया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे परिसर में भजन-कीर्तन और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पांचवें दिन की कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती में भाग लेकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। अतिथियों का आयोजक परिवार के सदस्य अनिभव अग्रवाल व अन्य लोगों ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्य रूप से परमात्मा शरण अग्रवाल, प्रदीप गर्ग, किशन अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल, दीप अग्रवाल, अभिनव गर्ग, कार्तिक अग्रवाल, दीपक गोयल, योगेश माहेश्वरी, अमित गर्ग, सभासद पति शोभित गुप्ता, श्रुति अग्रवाल, निकिता अग्रवाल, आंचल अग्रवाल, इनाक्षी अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, प्रीति तायल और रचना अग्रवाल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *