मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता महंगाई की चक्की में पिस रही है, किसान अपनी फसल के उचित दाम के लिए संघर्ष कर रहे हैं और दलित समाज पर अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन गंभीर मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल बड़े-बड़े दावे और योजनाओं के नाम पर जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अपने लंबे सियासी जीवन में उन्होंने ऐसी परिस्थितियां पहले नहीं देखीं। साथ ही कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2027 में पांचवीं बार सपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें। महावीर चौक स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को प्रेस वार्ता करते हुए पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश के गन्ना किसानों की सबसे बड़ी मांग गन्ने के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की है, लेकिन सरकार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों किसान गन्ने की खेती पर निर्भर हैं, लेकिन गन्ने का भाव नहीं बढ़ने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, डीजल, खाद और बिजली के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान पूरे साल मेहनत करता है, लेकिन जब फसल बेचने का समय आता है तो उसे निराशा ही हाथ लगती है। सरकार किसानों के हितों की बात तो करती है, लेकिन जमीन पर कोई ठोस कदम नजर नहीं आता। सिद्दीकी ने कहा कि अगर सरकार सच में किसान हितैषी है तो उसे तुरंत गन्ने के दाम बढ़ाकर किसानों को राहत देनी चाहिए। पूर्व मंत्री ने दलितों पर हो रहे अत्याचार के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलित समाज के लोगों के साथ अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पीड़ितों को न्याय दिलाने में भी देरी हो रही है, जिससे समाज में असुरक्षा और भय का माहौल पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक समाज में हर वर्ग को सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए, लेकिन वर्तमान परिस्थितियां इसके विपरीत दिखाई दे रही हैं। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उनका बचपन इसी क्षेत्र में गुजरा है और पढ़ाई व नौकरी भी यहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश को मजबूत बनाना है। खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के कारण गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की खबरों पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब पहले महंगाई बढ़ती थी तो स्मृति ईरानी सिलेंडर और चूड़ियां लेकर सड़कों पर उतरती थीं। उन्होंने सवाल किया कि अब महंगाई पर वे चुप क्यों हैं। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि वे चाहे किसी भी दल में रहे हों, लेकिन अखिलेश यादव के नेतृत्व के प्रति उनके मन में हमेशा सम्मान रहा है। उन्होंने कहा कि अब उनका राजनीतिक भविष्य पूरी तरह सपा और अखिलेश यादव के साथ जुड़ा हुआ है और वे पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। महंगाई के मुद्दे पर बोलते हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि आज आम आदमी का जीवन बेहद कठिन हो गया है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, खाद्य पदार्थ और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग की कमर महंगाई ने तोड़ दी है। परिवार चलाना मुश्किल होता जा रहा है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नजर नहीं आ रही। महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए सिद्दीकी ने कहा कि सरकार ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नाम पर खूब प्रचार किया। शहरों और गांवों की दीवारों पर बड़े-बड़े नारे लिखवाए गए और योजनाओं का ढिंढोरा पीटा गया, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने कहा कि आज भी बहू-बेटियों के साथ अत्याचार और उनकी अस्मिता से खिलवाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो यह साबित करता है कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के दावे खोखले हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय विभिन्न सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा के नाम पर जनता को सपने दिखाना और बाद में उन वादों को भूल जाना भारतीय जनता पार्टी की आदत बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट की राजनीति कर रही है, जबकि जनता के असली मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है। सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी और प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, गरीबों, दलितों और आम जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता विकास, सामाजिक न्याय और भाईचारे की राजनीति को समर्थन देगी और आगामी चुनाव में भाजपा का “सूपड़ा साफ” कर देगी। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, चरथावल विधायक पंकज मलिक, सपा राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, प्रदेश सचिव नौशाद अली,प्रदेश सचिव श्यामलाल बच्ची सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र सैनी, सपा नेता सोमपाल सिंह कोरी, साजिद हसन आमिर कासिम एडवोकेट, चौधरी विकिल गोल्डी अहलावत, तहसीन मंसूरी, सत्यदेव शर्मा, चौधरी अजय कुमार, डॉ अविनाश कपिल, संजीव आर्य, डॉ इसरार अल्वी, नावेद रंगरेज, सचिन पाल, मीर हसन, कपिल मलिक, लोकेंद्र कुमार, बालमुकुन्द ग्रेड, नदीम मलिक, पवन पाल, रजनीश यादव, कोमल वाल्मीकि, रामपाल सिंह पाल, फिरोज अख्तर, पंकज सैनी, श्यामसुन्दर, रविकांत त्यागी, रमेश चंद शर्मा, अनुज गुर्जर, इमरान खान एडवोकेट, डॉ अली शेर अंसारी, सैयद मौहम्मद मेंहदी, अनैश निर्वाल, शादाब राणा, तरुण सौदे एडवोकेट, जाउल चौधरी, बालेंद्र मौर्य, चौधरी मेहरबान, सनव्वर राणा राणा, अनुराग पाल, राव नफीस, गजेंद्र प्रधान, रेशु शर्मा, समुंदर सेन सहित अनेक पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


