Skip to main content

TR NEWS UP-UK

शाहपुर में अवैध पैथोलॉजी लैब व क्लीनिकों पर बड़ी कार्रवाई, 5 सेंटर सील

मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे सेंटर तथा झोलाछाप क्लीनिकों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में शुक्रवार को कस्बा शाहपुर में एक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार द्वारा किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने शाहपुर कस्बे में संचालित कई पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे यूनिट एवं क्लीनिकों की गहन जांच की। जांच के दौरान कई संस्थान बिना वैध अनुमति अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 5 अवैध पैथोलॉजी लैब एवं एक्स-रे सेंटरों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। सील किए गए संस्थानों में कुमार पैथोलॉजी लैब (बुढ़ाना रोड, शाहपुर), गौरी पैथोलॉजी लैब सर्विस (बस्सी रोड, शाहपुर), सिंगल पैथोलॉजी लैब की लैबोरेट्री यूनिट, कृष्ण फिजियोथैरेपी क्लिनिक शाहपुर में संचालित एक्स-रे केंद्र तथा न्यू जीवन क्लिनिक इलेक्ट्रोपैथी सेंटर शाहपुर में स्थित एक्स-रे मशीन कक्ष शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान कई अन्य चिकित्सा संस्थानों में अनियमितताएं एवं अभिलेखीय कमियां पाए जाने पर उनके संचालकों को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिन संस्थानों को नोटिस जारी किए गए उनमें न्यू हेल्थ केयर डायग्नोस्टिक, अहमद हॉस्पिटल शाहपुर, रॉयल पैथोलॉजी लैब (बस्सी रोड, शाहपुर) तथा लाइफ लाइन हॉस्पिटल (बस्सी रोड, शाहपुर) शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम के शाहपुर कस्बे में पहुंचते ही अवैध रूप से संचालित कई लैब एवं क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया और कुछ संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर दिए। इसके बावजूद टीम ने संदिग्ध चिकित्सा केंद्रों की क्रमबद्ध तरीके से जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। इस अभियान में शाहपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओ.पी. जायसवाल का विशेष सहयोग रहा। निरीक्षण टीम में श्री पाकेश कुमार (स्टेनो) भी उपस्थित रहे।

इस संबंध में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि जनपद में बिना वैध अनुमति या निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित होने वाले किसी भी चिकित्सा संस्थान को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं मानकानुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *