Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक, समस्याओं के समाधान पर दिया जोर

मुजफ्फरनगर। जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में फेडरेशन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बैठक में प्रस्तुत एजेंडा के विभिन्न बिंदुओं पर विचार करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योगों से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले में औद्योगिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।बैठक में प्रमुख रूप से जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत सब-स्टेशन की 500 मीटर लिंक रोड के निर्माण का मुद्दा उठाया गया। इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) मेरठ द्वारा सहमति प्रदान कर दी गई है, जिससे सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके अतिरिक्त नैराना विद्युत उपकेंद्र के सामने ओवरहेड लाइन के निर्माण से संबंधित सुरक्षा विषय पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने एनएचएआई, विद्युत विभाग और औद्योगिक संगठनों को संयुक्त निरीक्षण कर समाधान निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए या तो अंडरग्राउंड केबिल डाली जाए या फिर विद्युत पोल के माध्यम से केबिल की व्यवस्था की जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना समाप्त हो सके।बैठक में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को मुजफ्फरनगर स्थित राधा गोविन्द ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड के एनओसी और मानचित्र जारी करने के भी निर्देश दिए गए। वहीं मेरठ रोड के समीप बी.के. टाइल्स के पास स्थित लिंक रोड के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने जानकारी दी कि सड़क निर्माण का आगणन तैयार कर लिया गया है और इसे 15वें वित्त आयोग की संस्तुति वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृति के लिए जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।इसके अलावा आईटीआई मेरठ रोड से औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े होने वाले ट्रकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एआरटीओ मुजफ्फरनगर को ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी औद्योगिक संगठनों से आह्वान किया कि वे औद्योगिक आस्थान के मुख्य मार्ग के सौंदर्यीकरण के लिए एमडीए और नगर पालिका के साथ मिलकर कार्य करें, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास और बेहतर वातावरण सुनिश्चित हो सके।बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण, जिला स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *