शाहजहांपुर। पति को छोड़कर आशिक के साथ रह रही पत्नी को खौफनाक मौत दी। उसके आशिक पर तेजाब फेंककर उसका चेहरा जला दिया।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजीजगंज में बालाजी नगर कॉलोनी में पति को छोड़कर आशिक के साथ रहने वाली 31 वर्षीय आरती की उसके पति मनमोहन पांडेय (40) ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी पति मुखौटा लगाकर पहुंचा और गेट खोलते ही महिला के प्रेमी पर गुलाल के साथ ही तेजाब फेंक दिया, फिर पत्नी पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
रोजा की न्यू चर्च कॉलोनी निवासी संजीव कुमार ने चौक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी छोटी बहन आरती की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला रेती नई बस्ती निवासी मनमोहन पांडेय उर्फ सोनू के साथ की गई थी। पति से मनमुटाव के चलते आरती वर्तमान में चौक कोतवाली के मोहल्ला बालाजी नगर में किराये के मकान में अपने मित्र ब्रजदीप (35) निवासी बृजबिहार कॉलोनी के साथ रहती थी। होली पर सुबह करीब छह बजे बहनोई मनमोहन पांडेय बहन के घर पर आया और दरवाजा खुलवाया। मनमोहन ने ब्रजदीप के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। ब्रजदीप डर कर भागा तो उसके पीछे मनमोहन भी दौड़ा। इस दौरान बहन आरती ने पति के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया। तभी मनमोहन ने चाकू से आरती पर वार किया। आरती की मौत हो गई। आरती व मनमोहन की सात साल की बेटी भी है, जो अपनी मां के साथ रहती है। अनबन होने के बाद पति-पत्नी अलग हो गए थे। आरती ने तलाक के लिए न्यायालय में अर्जी भी दी थी। जहां से छह महीने का समय मिला था। आरती ब्रजदीप के अधीन डाटा फीडिंग कार्य करती थी। दोनों सहमति संबंध में रहते थे। बृजदीप के अनुसार, दोनों जल्द ही शादी करने वाले थे। यह बात मनमोहन पांडेय को अखर रही थी। होली की सुबह करीब छह बजे बृजदीप व आरती घर पर थे। दोनों परिवार के साथ होली मिलने के लिए जाने की तैयारी कर रहे थे। ब्रजदीप ने बताया कि दरवाजा खटकाने पर उसे लगा कि गाड़ी रास्ते में खड़ी होने के चलते कोई हटाने के लिए कहने आया होगा, लेकिन दरवाजा खोलते ही मनमोहन हमलावर हो उठा। आरती पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता निजी नौकरी करते थे। वहीं, मनमोहन दो भाइयों में छोटा है। उसके पिता रेलवे में लोको पायलट थे।