मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में मंदवाड़ा रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों की पहचान आमीर और समद के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दो-तीन दिन पूर्व बुढ़ाना कस्बे में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई फायरिंग की घटनाओं में भी इन्हीं बदमाशों का हाथ था।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों के कब्जे से एक बाइक, एक मस्कट बंदूक, एक तमंचा और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि संदिग्धों की घेराबंदी कर चेकिंग की जा रही थी, इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।


