मेरठ/ जानसठ। के निवासी सहायक शिक्षिका के पति ने सुसाइड कर लिया। वारदात के समय शिक्षिका किसी काम से अपने डेढ़ वर्ष के मासूम बेटे को पति के पास छोड़कर बैंक गई थी। बेटे की मौत के बाद मौके पर आए परिजनों ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि बहू उनके बेटे को टॉर्चर करती थी। पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विजयनगर में योगेश चंद्रा के मकान में रजनीश सैनी (40) पुत्र वेद प्रकाश सैनी अपनी पत्नी बबीता और डेढ़ वर्ष के मासूम केशव के साथ किराए पर रह रहे थे। बबीता आरजी इंटर कॉलेज में सहायक शिक्षिका हैं। सुबह करीब 11 बजे वह बैंक गई थी। घर पर रजनीश अपने बेटे केशव के साथ थे। इसी दौरान रजनीश ने दूसरे तल पर बने स्टोर में जाकर फांसी लगा ली। रजनीश का परिवार मुजफ्फरनगर के जानसठ का रहने वाला है जबकि बबीता सहारनपुर के देवबंद की है। रजनीश की मौत की सूचना मिलते ही परिवार मेरठ के लिए रवाना हो गया। पिता वेद प्रकाश बिलख बिलख कर रोने लगे और जमीन पर लेट गए। मां निर्मला भी फूट-फूट कर रोने लगी। बड़े भाई अमित का भी बुरा हाल था। उसके बाद कुछ रिश्तेदार भी आ गए। रजनीश और बबीता की लगभग 9 साल पहले शादी हुई थी। शादी के बाद ही बबीता की सहायक शिक्षिका के रूप में नौकरी लग गई और पहली पोस्टिंग बुलंदशहर मिली। जुलाई, 2023 में वह ट्रांसफर लेकर मेरठ आ गई। यहां बबीता को आरजी इंटर कॉलेज मिला। रजनीश की प्राइवेट जॉब करते थे, लेकिन फिर बेटे को संभालने की वजह से उन्होंने नौकरी छोड़ दी।


