मुजफ्फरनगर। मुर्गों की लड़ाई कराकर हो रही सट्टेबाजी पर तितावी पुलिस ने छापा मारा लेकिन सट्टेबाज फरार हो गये। पुलिस ने 11 बाइक व ई-रिक्शा बरामद की हैं।
तितावी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर खुर्द (तीरपड़ी) मार्ग पर मुर्गों की लड़ाई कराकर सट्टा खेले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। तितावी थाना प्रभारी पवन चौधरी के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर अनुभव चौधरी एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही सट्टेबाजी में शामिल सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 11 मोटरसाइकिलें और एक ई-रिक्शा बरामद किया है। बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी। क्षेत्र में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


