मुजफ्फरनगर। एसआईआर प्रक्रिया से परेशान होकर बीएलओ शिक्षामित्र ने विद्यालय का कक्ष बंद कर जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत के चलते स्वजन ने उन्हें मेरठ मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया है। बीएलओ की जेब से एक पत्र मिला है जिसमें तीन लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
इस मामले में पुलिस-प्रशासन से अभी कोई शिकायत नहीं की गई है। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के गांव किनौनी निवासी अनुजवीर गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। इनकी ड्यूटी एसआइआर में बीएलओ के रूप में लगी है। जिन ग्रामीणों ने अपने गणना प्रपत्र में अधूरी जानकारी दी है, उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस का जवाब देने को विद्यालय में आए दिन ग्रामीण पहुंच रहे हैं। इससे सरकारी मशीनरी की मशक्कत बढ़ गई है। अनुजवीर के चचेरे भाई वेदपाल ने बताया कि वह एसआइआर को लेकर तनाव में थे। कार्य की अधिकता के चलते सुबह जल्दी जाते और शाम को देरी से आते थे।
सोमवार को उन्होंने विद्यालय में जाकर कक्ष बंद कर लिया और जहरीला पदार्थ निगल लिया। वहां मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकाला और शाहपुर सीएचसी पर लेकर गए। इसके बाद मुजफ्फरनगर के सदर बाजार स्थित रतन सिंह हास्पिटल लाए, लेकिन गंभीर हालत के चलते मेरठ ले जाकर मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया। पूरा परिवार मेडिकल कालेज अस्पताल में है। अनुजवीर का उपचार चल रहा है। इस बारे में अभी कोई तहरीर नहीं दी है। उ प जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह का कहना है कि बीएलओ के जहर खाने की जानकारी मिली है। हमारी प्राथमिकता बेहतर उपचार दिलाने की है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह किस बात को लेकर तनाव में थे, जो यह कदम उठाया है।


