नई दिल्ली । रिकॉर्ड तेजी के बीच चांदी में 20,000 प्रति किलोग्राम की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 14,000 रुपये (7.65%) गिरकर ₹1,69,000 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
गुरुवार को अपने सर्वोच्च शिखर पर पहुंचने वाली चांदी शुक्रवार को औंधे मुंह गिरी। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 20,000 रुपये (करीब 5%) टूटकर 3,84,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई (सभी करों सहित)। गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र में चांदी ने 19,500 रुपये की छलांग लगाई थी और 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छू लिया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। स्पॉट सिल्वर12.09% यानी 14 डॉलर टूटकर 101.47 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। इंट्रा-डे कारोबार में तो यह 17.5% गिरकर 95.26 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर तक पहुंच गई थी। चांदी की तरह सोने में भी भारी बिकवाली का दबाव रहा। दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 14,000 रुपये (7.65%) गिरकर ₹1,69,000 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। गुरुवार को सोना ₹12,000 चढ़कर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।


