मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव ने शुक्रवार को जनपद मुजफ्फरनगर में नगर विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर के विकास का खाका खींचा। यह बैठक मेरठ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित की गई।
बैठक में रेलवे, सेतु निगम एवं लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर की सड़कों, अंडरपास एवं पुलों से संबंधित कार्यों की प्रगति, तकनीकी पहलुओं तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की गई।मंत्री कपिल देव ने बताया कि उन्होंने रेलवे के अधिशासी अधिकारी आर.के. उप्पल एवं सेतु निगम के अधिशासी अधिकारी ऋत्विक श्रीवास्तव के साथ जानसठ रोड फ्लाईओवर एवं भोपा रोड फ्लाईओवर का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
मंत्री ने कहा कि वर्षों से लंबित श्रीराम कॉलेज के पास रेलवे फाटक पर अंडरपास का निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त, नगर में बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए जानसठ पुल एवं भोपा पुल के नीचे दोपहिया वाहनों और ई-रिक्शाओं के लिए अलग अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा, ताकि आम जनमानस को जाम की समस्या से निजात मिल सके।मंत्री कपिल देव ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता संजय श्रीवास्तव को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं दक्षता से कोई समझौता न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराए जाएं।
इस अवसर पर रेलवे के अधिशासी अधिकारी आर.के. उप्पल, सेतु निगम के अधिशासी अधिकारी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव एवं लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता संजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।


