Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुजफ्फरनगर दालमंडी अग्निकांड: नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने लिया हालात का जायजा

पीड़ित परिवार से मिलकर दिया हर संभव मदद का आश्वासन, शासन स्तर से भी मुआवजा दिलाने का करेंगे प्रयास

मुजफ्फरनगर। शहर के सबसे व्यस्त और प्रचीन इलाके में शुमार दालमंडी क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत को पलभर में राख कर दिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। इस घटना के बाद नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने मंगलवार को स्थल पर पहुंचकर इस भयंकर त्रासदी से उत्पन्न हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मिलकर भरोसा दिया कि वो शासन स्तर से मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे और व्यक्तिगत स्तर से भी परिवार के लिए जो भी संभव हो पायेगा वो मदद करने के लिए तैयार हैं।

दालमंडी क्षेत्र स्थित पुष्पेंद्र जिंदल के आवास पर लगी भीषण आग के बाद नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। इस भयंकर आग की चपेट में आकर पूरा मकान जलकर राख हो गया। संयोगवश परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। नगरपालिका अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और परिवार से घटना के सम्बंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने तत्काल सहायता सुनिश्चित कराने के लिए जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर से वार्ता करते हुए हर संभव मदद उचित और सम्मानजनक मुआवजा उपलब्ध कराने का भरोसा परिवार को दिया। साथ ही शासन स्तर से भी हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है, जिसमें एक परिवार की वर्षों की पूंजी नष्ट हो गई। हालांकि, परिवार के लोगों की जान बचना राहत की बात है। इस अग्निकांड में घर में स्थापित भगवान की प्रतिमा और श्रीमद्भागवत का सुरक्षित रहना भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा, जिसे ईश्वरीय कृपा के रूप में देखा जा रहा है। नगरपालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार के साथ प्रशासन और समाज पूरी तरह खड़ा है। व्यक्तिगत स्तर पर भी जो संभव होगा, वह सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने पुष्पेन्द्र जिंदल का ढांढस बंधाते हुए कहा कि समाज उनके साथ खड़ा है, वो अकेला महसूस न करें और जो भी उनके सहारे बन पड़ेगा वो मदद करेंगी। परिवार की पूरी पंूजी इस अग्निकांड की भेंट चढ़ जाने पर उन्होंने दुख जताया। इस दौरान सभासद मनोज वर्मा, विजय कुमार चिंटू, योगेश मित्तल, कन्हैया शर्मा, नीरज अग्रवाल, राधे वर्मा, शलभ गुप्ता, जनार्दन विश्वकर्मा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *