Skip to main content

TR NEWS UP-UK

पंडित चेतन जोशी ने बांसुरी वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया

मुजफ्फरनगर।  सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूज़िक एंड कल्चर अमांगस्ट यूथ ( स्पिक मैके ) द्वारा एस डी पब्लिक स्कूल व डी ए वी इंटर कॉलेज में पंडित चेतन जोशी ने बांसुरी वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

स्पिक मैके मुजफ्फरनगर इकाई द्वारा विख्यात बांसुरी वादक पंडित चेतन जोशी ने एक तरफ एस डी पब्लिक स्कूल में प्रातः कालीन राग नट भैरव तथा डी ए वी इंटर कॉलेज में अपरान्ह का राग वृन्दावनी सारंग सुनाकर शास्त्रीय संगीत की ऐसी छटा बिखरी कि श्रोतागण आनंदमग्न हो हो गए । इन रागों में उन्होंने आलाप, जोड़, झाला तथा रूपक व तीन ताल में विलंबित व द्रुत बंदिशे प्रस्तुत कीं ।

उनकी प्रस्तुति से यह धारणा पूरी तरह से ग़लत साबित हुई कि शास्त्रीय संगीत का आनंद लेने के लिए शास्त्रीय संगीत का ज्ञान आवश्यक है । दोनों विद्यालयों ने पूरी अनुशासन व एकाग्रता के साथ संगीत का आनंद लिया । आकाशवाणी – दूरदर्शन के ग्रेडेड कलाकार बनारस घराने के युवा तबला वादक रजनीश मिश्रा ने भी अपनी प्रतिभा का भरपूर प्रदर्शन किया ।

एस डी पब्लिक स्कूल में दीप प्रज्ज्वलन तथा कलाकारों को सम्मानित करने का दायित्व निदेशक चंचल सक्सेना, प्रधानाचार्या श्रीमती भारती तिवारी के साथ जे वी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य वी एस वर्मा ने पूरा किया । डी ए वी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवीण शर्मा, डॉ रीता मोहन, विनीता तथा औपचारिकताएं पूरी की । दोनों स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने कलाकारों व अतिथियों के साथ साथ उत्तर प्रदेश के संस्कृति विभाग तथा भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का भी आभार प्रकट किया ।

कार्यक्रम की विभिन्न स्कूलों के बच्चों के साथ साथ डी ए वी कॉलेज की प्राचार्या डॉ गरिमा जैन,आर्य अकादमी की प्रधानाचार्या सोनिका आर्य, वी एस वर्मा, मृदुला, नीति मित्तल,भावना संगल,राहुल सेन, मुनेश, प्रमेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे । आर्यन,शुभम व विशु का विशेष योगदान रहा।

स्पिक मैके संस्था प्रदेश भर के जनपदों में सांस्कृतिक जागरूकता के 500 कार्यक्रम आयोजित कर रही है । इसी श्रृंखला में आज जे वी पब्लिक स्कूल व भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विख्यात बांसुरी वादक पंडित चेतन जोशी के कार्यक्रम आयोजित किए गए । केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी से पुरस्कृत व आकाशवाणी – दूरदर्शन के टॉप ग्रेड के कलाकार चेतन जोशी की 40 वर्ष की संगीत साधना का श्रोताओं ने भरपूर आनंद लिया । जे वी पब्लिक के कार्यक्रम में उन्होंने प्रातःकालीन राग अल्हैया बिलावल प्रस्तुत किया । आलाप से प्रारंभ कर उन्होंने सात मात्राओं की रूपक ताल में विलंबित और द्रुत बंदिशों से समां बांध दिया । कार्यक्रम का समापन *सारे जहां से अच्छा* की बांसुरी पर प्रस्तुति पर विद्यार्थीगण साथ गाने पर मजबूर हो गए ।

भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में अपरान्ह में आयोजित कार्यक्रम में पंडित जोशी ने समयानुसार राग शुद्ध सारंग प्रस्तुत किया जिसमें आलाप के साथ रूपक व तीन ताल में निबद्ध विलंबित व द्रुत बंदिशें प्रस्तुत की । पंडित जोशी के वादन से खचाखच भरे हॉल में विद्यार्थी इतने तन्मय हो गए कि सुई गिरने की आवाज़ तक सुनी जा सकती थी । श्रोताओं की मुक्तकंठ प्रशंसा करते हुए पंडित जोशी ने कहा कि उन्होंने इतने सुधी श्रोता पूरे भारत में नहीं देखे । यहां पर कार्यक्रम का समापन उन्होंने एक के बाद एक तीन लोकप्रिय भजनों को बांसुरी पर पेश किया तो बिना कहे विद्यार्थी एक सुर में ताल के साथ उनका गाकर भाव विभोर हो गए । प्रतिभाशाली तबला वादक रजनीश मिश्रा ने बखूबी संगत प्रदान की ।

दीप प्रज्ज्वलन व कलाकारों को सम्मानित करने की औपचारिकता अपने प्रबंधसमिति के पदाधिकारियों के साथ जे वी पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य वी एस वर्मा तथा भागवंती स्कूल में डॉ वंदना वर्मा ने पूरी की । अतिथियों के साथ दोनों प्रधानाचार्यों ने उत्तर प्रदेश के संस्कृति विभाग व भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय लखनऊ का भी आभार व्यक्त किया ।

कार्यक्रम की सफलता में मृदुला, नीति, भावना, विशु व राहुल का विशेष योगदान रहा ।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *