मुजफ्फरनगर। दाल मंडी में व्यापारियों ने हंगामा करते हुए पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी कर बाजार बंद कर दिया।
पुलिस ने तीन दिन पहले यहां सात दुकानों से करीब डेढ करोड़ के पटाखों का अवैध भंडारण पकड़ा था। आज अधिकारियों के आदेश पर पुलिस इन पटाखों को नष्ट करने के लिए लेने पहुंची थी। इसकी सूचना पर दुकानदार एकत्र हो गये और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के बीच पुलिस कुछ जब्त पटाखे अपने साथ ले गई। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर और सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा की अगुवाई में दमकल और पुलिस टीम ने आज पटाखा व्यापारियों कन्हैया शर्मा के सात सील गोदामों से सैंपल लेने का काम शुरू किया। इस दौरान जब्ती के नाम पर एक गाड़ी पटाखों से भर ली गई। इस पर व्यापारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। वे जब्ती टीम के सामने आकर खड़े हो गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। हंगामा करते हुए टीम को घेर लिया गया। पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया। हंगामे के बीच भरी हुई एक गाड़ी को ही रवाना किया। जब्ती रोककर पटाखे गोदामों में वापस रखे गए। गोदाम दोबारा सील हो गए।


