मुजफ्फरनगर । जिले की प्लास्टिक वेस्ट जलाकर प्रदूषण बढ़ाने वाली पेपर मिलों को सील करने और उनके बिजली कनेक्शन काटने की तैयारी की जा रही है।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शुक्रवार को अल्पना पेपर मिल और कृष्णांचल पेपर मिलों के निरीक्षण में भी अधिकारियों को अग्रोवेस्ट के साथ प्लास्टिक का कचरा जलता मिला। इस पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। इसके अलावा पूर्व में हुई जांच में कमीशन से तीन उद्योगों के बंदी आदेश जारी हो गए है, जिसके बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इसके साथ केंद्रीय जीएसटी टीम ने भी कई रोलिंग मिल संचालकों को जेल भेजने की तैयारी कर ली है, जिसमे एक शुक्रवार को जेल भेजा गया हैं। प्रदूषण के बढ़ते खतरे को नियंत्रण में करने के लिए कुछ महीनों पहले क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने भोपा रोड की कई इकाइयों पर प्रदूषण फैलाने वाला वेस्ट पकड़ा था। इसकी रिपोर्ट यूपीसीबी और सीपीसीबी को भेजी गई थी। सीपीसीबी ने इसमें सख्त आदेश जारी किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार फिटकरी निर्माता कंपनी बजरंग एलम, उच्च स्तरीय सोडियम बनाने वाली आरएस उद्योग और मित्तल वेसल के खिलाफ सीलिंग कार्रवाई के आदेश दिए हैं। तीनों इकाइयों को प्रदूषण फैलाने पर सील किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने विद्युत विभाग को इनके बिजली कनेक्शन काटने के लिए पत्र लिखा है।


