मुजफ्फरनगर। रोहाना क्षेत्र में सहारनपुर हाईवे पर बड़कली कट के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। रक्षा बंधन पर्व मनाने के लिए घर जा रहे बरेली के गांव गणेशपुर निवासी चाचा भारत (23) – भतीजा विहान (1) की हादसे में मौत हो गई। मृतक की भाभी घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरेली की तहसील मीरगंज के गांव गणेशपुर का मूल निवासी भारत अपनी बड़ी भाभी जयंती (24) पत्नी मुकेश व एक साल के भतीजे विहान को बाइक पर बैठाकर हरियाणा के यमुना नगर से अपने गांव गणेशपुर जा रहा था। ये तीनों सुबह के समय बाइक पर सवार होकर चले थे। रक्षा बंधन पर्व मनाने के लिए घर जा रहे थे। दोपहर के समय तीनों दिल्ली व सहारनपुर हाईवे पर रोहाना क्षेत्र में बड़कली कट के पास पहुंचे तभी पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। महिला एक तरफ, चाचा भतीजा दूसरी तरफ जा गिरे। इसी बीच ट्रक चाचा भतीजे को कुचलता हुआ चला गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को जिला अस्पताल व दोनों शव मोर्चरी भेज दिए। शाम के समय सूचना पाकर महिला का पति मुकेश जिला अस्पताल पहुंचा। सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि ट्रक व चालक की तलाश की जा रही है।


