Skip to main content

TR NEWS UP-UK

लखीमपुर खीरी रिमझिम बारिश में पहुंचे एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, राहत कार्यों की परखी हकीकत

*बाढ़ग्रस्त गांव में भोजन, दवाओं और पशुसेवा के दिए निर्देश, आश्रय केंद्र की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा*

लखीमपुर खीरी । डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर मंगलवार को रिमझिम बारिश के बीच एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। एसडीएम राजीव कुमार निगम संग वह नाव के जरिए लालबोझी गांव पहुंचे, जहां चारों ओर फैले जलभराव के बीच उन्होंने हालात का जायजा लिया।

 

गांव में पहुंचकर एडीएम ने ग्रामीणों से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अमले को निर्देशित किया कि शाम से ही दोनों समय का लंच पैकेट वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी ग्रामीण को भोजन की समस्या न हो।

 

*गर्भवती महिलाओं को मिले दवा, पशुओं को टीके*

एडीएम ने गांव में मौजूद आशा बहू को निर्देश दिए गए कि गर्भवती महिलाओं को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम को सक्रिय करते हुए बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुओं के टीकाकरण व देखरेख की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

*सतत निगरानी में लगेंगे लेखपाल*

एडीएम ने सभी लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने और जनसंपर्क में रहने के निर्देश दिए, ताकि हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाई जा सके।

 

*आश्रय केंद्र की भी जांच*

इसके बाद एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने रामाधीन इंटर कॉलेज बम्बनपुर स्थित बाढ़ आश्रय केंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने ठहराए गए लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का हाल जाना। उन्होंने साफ-सफाई, भोजन, पेयजल व चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

 

*लालबोझी में 300 परिवारों को तहसील प्रशासन ने बांटे लंच पैकेट*

बाढ़ग्रस्त लालबोझी गांव का निरीक्षण कर लौटते ही एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया। मंगलवार शाम तक करीब 300 प्रभावित परिवारों को लंच पैकेट वितरित किए गए। प्रशासन की टीम ने नावों के जरिए भोजन के पैकेट गांव-गांव पहुंचाए। बाढ़ के कारण रास्ते बाधित होने के बावजूद राजस्व व आपदा प्रबंधन टीमें पूरे सक्रिय मोड में नजर आईं। ग्रामीणों ने भोजन मिलने पर राहत की सांस ली।

 

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *