मुजफ्फरनगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम आते ही स्कूलों और घरों में जश्न दिखाई दिया। दोनों ही कक्षा में जनपद टापर 99.4 प्रतिशत अंकों के साथ घोषित हुए। इंटरमीडिएट में लालूखेडी स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल के शौर्य रघुवंशी ने जिला टाप किया। वहीं हाईस्कूल में एसडी पब्लिक स्कूल की यतिका अरोरा और द एसडी पब्लिक स्कूल के अर्नव त्यागी ने जनपद टापर की सूची में अपना नाम हांसिल किया।
जनपद में 12वीं कक्षा टाप करने वाले लालूखेडी स्थित ज्ञानद्वीप पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले गांव मुकंदपुर निवासी शौर्य रघुवंशी ने 99.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले का टाप कर इतिहास रच दिया। वहीं जिले में दूसरे स्थान पर एसडी पब्लिक स्कूल के छात्रा उत्तरा मलिक रही, जिन्होंने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। जनपद में तीसरे स्थान पर 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली शारदेन स्कूल की छात्रा आन्या कुमार रही।
इसके साथ ही हाईस्कूल के परीक्षा परिणामों में जिले को टाप करने वालों में एसडी पब्लिक स्कूल की छात्रा यतिका अरोरा और द एसडी पब्लिक स्कूल के अर्नव त्यागी रहे। दोनों ने 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल के साथ जिले का नाम रोशन किया। इसके साथ ही दूसरे स्थान पर एमजी पब्लिक स्कूल के आरव शर्मा रहे, जिन्होंने 99.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। जिले में तीसरे स्थान पर 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वालों में होली एंजेल्स कांवेंट स्कूल की वृद्धि गुलाहटी ओर एसडी पब्लिक स्कूल की कार्तिक वर्मा रही। चौथे स्थान पर 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले तीन छात्र-छात्राएं संयुक्त अंकों के साथ रहे, जिसमें हाली एंजेल्स कांवेंट स्कूल की छात्रा अवनी श्रेयांस पुत्री सतीश पाल, एमजी पब्लिक स्कूल के छात्र अनंत जैन और एसडी पब्लिक स्कूल के मनसा अरोरा रही। जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में टाप थ्री सूची में शामिल छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मान हुआ। इसके अलावा विद्यालयों मेधावियों को सम्मानित कर खुशियां मनाई।


