नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान आज इलेक्शन कमिशन द्वारा किया जा चुका है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग होगी और 8 फरवरी को चुनाव का परिणामों का एलान किया जाएगा ।चुनाव की तारीखों का एलान होने के साथ ही दिल्ली में आचार संहिता लागू कर दी गई है। अब कोई भी पार्टी किसी भी विकास कार्य का शिलान्यास या उद्घाटन नहीं कर सकेगी। दिल्ली में चुनाव प्रचार का दौर जोर-शोर से शुरू हो जाएगा। आइए आप भी जानिए की कौनसी सीट यहाँ हॉट सीट है। हम आपको इस रिपोर्ट में बताएंगे कि आखिर दिल्ली की वो कौन सी हॉट सीटें हैं। जहां कांटे का मुकाबला होने वाला है और इन सीटों पर कौन-कौन दिग्गज किस पार्टी का नेता मैदान में हैं। दिल्ली के विधानसभा चुनाव 2025 में सबसे हॉट सीट नई दिल्ली की है। नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के संयोजक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस से संदीप दीक्षित चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा ने इस सीट पर साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश सिंह वर्मा को मैदान में उतारा है। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार साफ तौर पर दिख रहे है। तीनों पार्टियों ने यहां से अपने दिग्गज को मैदान में उतारा है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के पिछले तीनों चुनावों में नई दिल्ली सीट से ही जीते थे और सीएम भी बने थे। इस लिहाज से इस सीट पर आप का दबदबा रहा है। लेकिन इस बार केजरीवाल के सामने दो-दो चुनौतियां हैं। क्योंकि जहां बीजेपी के प्रवेश वर्मा टक्कर देने के लिए तैयार हैं तो वहीं कांग्रेस के संदीप दीक्षित को कम नहीं आंका जा रहा है। दूसरी हॉट सीट है कालकाजी। यहां से आप ने दिल्ली की सीएम आतिशी को मैदान में उतारा है, वहीं बीजेपी ने उनके सामने रमेश बिधूड़ी को टिकट देकर मुकाबला ओर भी रोमांचक बना दिया है। उधर, कांग्रेस ने अपनी तेजतर्रार नेता अलका लांबा को टिकट दिया है। अलका लांबा महिला कांग्रेस की वर्तमान अध्यक्ष भी हैं। खास बात तो यह है कि अलका लांबा आप के टिकट पर चांदनी चौक से विधायक रह चुकी हैं। सबसे बड़ी बात कालकाजी सीट से बीजेपी पिछले तीन दशक से जीत की तलाश में है। भाजपा को इस सीट पर 31 साल पहले 1993 में हुए पहले चुनाव में जीत मिली थी। उसके बाद से बीजेपी लगातार यहां से हार रही है। यहां से आप ने मुख्यमंत्री आतिशी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वह लगातार दूसरी बार कालकाजी से चुनावी मैदान में हैं।
दिल्ली की जंगपुरा सीट भी खूब चर्चाओं में है। जिसका सबसे बड़ा कारण है कि आप ने यहां से पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को टिकट दिया है। इससे पहले सिसोदिया पटपड़गंज से चुनाव लड़ते और जीतते आए हैं। वही इस बार उन्हें जंगपुरा की जनता का विश्वास जीतना होगा। उधर, कांग्रेस ने इस सीट से फरहाद सूरी को चुनावी मैदान में उतारा है,तो बीजेपी ने तरविंदर सिंह मारवाह को टिकट दिया है। इस सीट पर भी तीनों नेताओं के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।
जंगपुरा सीट पर आप से चुनाव लड़ रहे मनीष सिसोदिया के सामने बड़ी चुनौती है। सिसोदिया जंगपुरा सीट पर पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें चुनाव जीतने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी, तो वहीं बीजेपी प्रत्याशी मारवाह कभी कांग्रेस के ही चेहरे थे। वह पहले भी जंगपुरा सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वह 2022 में भाजपा में चले गए थे।
दिल्ली की पटपड़गंज सीट से आम आदमी पार्टी ने मशहूर शिक्षक अवध ओझा पर दांव चला है। ओझा यूपीएससी के छात्रों को कोचिंग देते हैं। इस वजह से उनकी युवाओं के बीच काफी गहरी पैठ है। बीजेपी ने यहां से रविंद्र सिंह नेगी को टिकट देकर मुकाबला काफी दिलचस्प बना दिया है। क्योंकि आप से इस सीट पर मनीष सिसोदिया चुनाव लड़ते थे, लेकिन इस बार नया प्रत्याशी होने के कारण आप के उम्मीदवार को बहुत मेहनत करनी पड़ सकती है। वहीं, कांग्रेस भी आप की मुश्किलें बढ़ा सकती है। कांग्रेस ने इस सीट पर अपने दिग्गज नेता अनिल चौधरी को मैदान में उतारा है।
राजधानी दिल्ली की मालवीय नगर सीट पर भी कांटे की टक्कर होने वाली है। इस विधानसभा सीट पर आप ने सोमनाथ भारती को चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि ने बीजेपी ने अपने दिग्गज नेता सतीश उपाध्याय को टिकट दिया है। उधर, कांग्रेस ने इस सीट पर जितेंद्र कुमार कोचर को मैदान में उतारकर मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया है। तीनों ही बड़े नेता हैं, इसलिए तीनों के बीच कांटे का मुकाबला होगा।।


