नई दिल्ली। फर्जी धमकियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक को शुक्रवार को एक ईमेल भेजकर आरबीआई के मुंबई कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। दूसरी ओर दिल्ली के कई स्कूलों को आज फिर ऐसी धमकियां मिलीं।
आज एक धमकी भरा मेल आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आया। धमकी रूसी भाषा में दी गई। धमकी भरे ईमेल के बारे में जानकारी मिलने पर मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत भेजने वाले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर एक धमकी भरा ईमेल आया। ईमेल रूसी भाषा में किया गया। इसमें बैंक को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मुंबई पुलिस जोन 1 डीसीपी के मुताबिक, माता रमाबाई मार्ग (एमआरए मार्ग) पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
दूसरी ओर दिल्ली के छह स्कूलों को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला। इसके बाद जांच एजेंसियों ने स्कूल परिसर की तलाशी ली। हालांकि, कहीं भी फिलहाल कुछ भी नहीं मिला है। इससे पहले नौ दिसंबर को दिल्ली के कम से कम 44 स्कूलों को धरकी भरे ईमेल मिले थे। पुलिस ने गहन जांच के बाद उन धमकियों को अफवाह बताया था।

