Skip to main content

TR NEWS UP-UK

किसानों के आज नोएडा कूच के ऐलान से टकराव की आशंका, सरकार ने समिति बनाई

नोएडा। किसानों के विरोध प्रदर्शन और भाकियू के आज नोएडा कूच के ऐलान के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा के आंदोलनरत किसानों के समस्याओं के निस्तारण हेतु बड़ा निर्देश दिया है। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया है। इसमें आईएएस अनिल कुमार सागर, प्रमुख सचिव अवस्थापना व औद्योगिक विकास की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। समिति में पीयूष वर्मा विशेष सचिव अवस्थापना व औद्योगिक विकास, संजय खत्री ACEO नोएडा व सौम्य श्रीवास्तव ACEO ग्रेटर नोएडा,कपिल सिंह ACEO YEIDA सदस्य नामित किए गए हैं।
समिति एक महीने में रिपोर्ट व अनुशंसा शासन को प्रस्तुत करेगी।
इससे पूर्व 160 किसानों की गिरफ्तारी के बाद गौतमबुद्ध नगर में संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में चल रहे किसानों के आंदोलन को भारतीय किसान यूनियन का समर्थन मिल गया है। मुजफ्फरनगर के सिसौली में मंगलवार को भाकियू की पंचायत हुई। जिसमें फैसला लिया गया कि पश्चिमी यूपी के किसान भी बुधवार को नोएडा की और कुच करेंगे। भारतीय किसान यूनियन ने गौतमबुद्ध नगर में किसानों की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताते हुए आपातकालीन पंचायत में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने ऐलान किया कि पश्चिमी यूपी के किसान भी बुधवार को नोएडा की और कूच करेंगे। पश्चिमी यूपी के 5 मंडलों के किसान नोएडा कूच करेंगे।
सहारनपुर, मेरठ, आगरा, मुरादाबाद और अलीगढ़ के किसान ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर आज किसानों की बड़ी पंचायत में शामिल होंगे। किसान भवन सिसौली में हुई भारतीय किसान यूनियन की पंचायत में प्रदेश के अन्य जनपदों के थानों में भी प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने मंगलवार को भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर यादव ‘खलीफा’ सहित 160 से अधिक प्रदर्शनकारी किसानों को गिरफ्तार किया। किसान भूमि मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर दिल्ली कूच करने से रोके जाने के बाद नोएडा में स्थित ‘दलित प्रेरणा स्थल’ पर धरना दे रहे थे। पुलिस ने बताया कि भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा, भारतीय किसान यूनियन (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) के प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना, किसान नेता रूपेश वर्मा, सुनील फौजी, सुनील प्रधान, उदल यादव और अमन भाटी समेत कई किसान नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। सरकार द्वारा अधिग्रहित की गई अपनी जमीन के लिए उचित मुआवजे की मांग को लेकर ये किसान सोमवार को महामाया फ्लाईओवर के पास एकत्र होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दलित प्रेरणा स्थल के पास रोक लिया था। जिसके बाद वहीं किसान धरने पर बैठ गए थे। पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिव हरि मीणा ने बताया कि पुलिस ने दोपहर करीब डेढ़ बजे 160 से ज्यादा किसानों को गिरफ्तार कर लिया।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता डॉ. रुपेश वर्मा ने दावा किया कि मोर्चा अबकी बार किसानों की मांगों को हर हाल में पूरी करवा कर वापस लौटेगा। उन्होंने बताया कि किसान अधिगृहित जमीन के एवज में मिलने वाले सात प्रतिशत और पांच प्रतिशत भूखंड के बदले 10 प्रतिशत भूखंड आवंटन की मांग कर रहे हैं। उनकी मांगों में नये भूमि अधिग्रहण कानून के सभी लाभों को लागू करना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि 10 फीसदी भूखंड आवंटन का मसला वर्षों से लंबित है।

Taja Report
Author: Taja Report

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *