ऋषिकेश। लक्ष्मण झूला इलाके में गंगा किनारे अश्लील रील्स बनाकर वायरल करने वाले पति-पत्नी को लक्ष्मण झूला पुलिस ने दबोच लिया। बाद में अश्लील वीडियो दोबारा न बनाने की हिदायत देने के साथ ही दोबारा पकड़े जाने पर फिर से कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजने की चेतावनी दी ।अब पति-पत्नी ने रील्स बनाने वाले युवाओं को सार्वजनिक और आस्था वाले स्थान पर अश्लील वीडियो न बनाने की अपील की है।
यह जानकारी देते हुए लक्ष्मण झूला थाना प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि कुछ दिन पहले जानकी सेतु पुल के पास गंगा किनारे शूट की गई रील्स (वीडियो) वायरल हुई थी। जिसमें युवक और युवती की अश्लील तरीके से वीडियो बनाते दिखाई दिए। मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो तत्काल एक्शन लेकर वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड करने वालों के खिलाफ लक्ष्मण झूला थाने में मु.अ.सं. 66/2024 धारा 296 बीएनएस और 67A आईटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत करते हुए लक्ष्मण झूला के प्रभारी निरीक्षक को विवेचना सौंपी गई। जिसके बाद आरोपियों की पहचान की गई। इसी कड़ी में पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी और लोकेशन के आधार पर एक युवक और युवती जो दोनों आपस में पति-पत्नी निकले को रुड़की से गिरफ्तार करते हुए लक्ष्मण झूला थाने ले आई। दोनों से पूछताछ कर धारा 35 (3) बीएनएस का नोटिस दिया गया। जिसमें कहा गया कि कोर्ट और पुलिस की ओर से तलब किए जाने पर नियत तिथि में उपस्थित होना होगा।