श्रीनगर। सर्द मौसम के साथ पहाड़ बर्फ से सफेद होने लगे हैं। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में पहाड़ियों पर बारिश और बर्फबारी चल रही है। कश्मीर घाटी में भारी हिमपात से गुरेज-बांदीपोरा राजमार्ग समेत कई सड़कें बंद होने से कई पर्यटक घंटों फंसे रहे। बर्फबारी के चलते हिमाचल में पांगी जाने वाला मार्ग बंद करना पड़ा। इसके चलते बड़ी संख्या में वाहन रास्ते में फंसे रहे और सैलानियों को वाहनों में ही रात गुजारनी पड़ी।
दूसरी ओर राजदान पास पर लगभग 4-5 इंच बर्फबारी हुई, जिससे सड़क की स्थिति बेहद खराब होने से 20 वाहन फंस गए। बीआरओ की टीम ने सड़क को बहाल किया और वाहनों के साथ सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 14-15 नवंबर को कश्मीर व जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश-बर्फबारी की आशंका जताई है।
उधर हिमाचल में रोहतांग सहित ऊंची चोटियों के बाद चंबा जिले के सचे जोत पर करीब आधा फुट बर्फ गिरी। इसके चलते पांगी मार्ग को बंद करना पड़ा। जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए लोगों को जम्मू-कश्मीर या कुल्लू होकर जाना पड़ेगा। लोक निर्माण विभाग ने बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। लाहौल-स्पीति और कुल्लू में भी बर्फबारी से ऊंची चोटियों पर सफेद चादर बिछ गई है। कुंजम दर्रा, बारालाचा और शिंकुला दर्रा में भी ताजा बर्फबारी हुई है।

