मुजफ्फरनगर । गाजियाबाद के न्यायालय में जज व अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद में पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाते हुए जिला और सिविल बार संघों के पदधिकारियों ने दूसरे दिन भी हड़ताल रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज करने वालों पर कार्रवाई की जाए। गत 29 अक्तूबर को गाजियाबाद के न्यायालय में वकीलों व जजों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस ने अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई अधिवक्ता घायल हो गए। बताया कि जजों के कहने पर पुलिस ने अधिवक्ताओं पर लाठी बरसाई है। जिले के साथ तहसील बार संघ के अधिवक्ताओं ने भी कलम बंद हड़ताल की। इसके चलते फरियादी जिला अदालत और तहसीलों का चक्कर काटते नजर आए। बैनामों का काम ठप रहा। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान जिला व सिविल बार संघ के सभी पदधिकारी मौजूद रहे।


