नवी मुंबई। महानगर के तलोजा सेक्टर 9 में पंचानंद सोसाइटी में दिवाली की सजावट को लेकर शुरू हुआ विवाद सांप्रदायिक तनाव में तब्दील होता नजर आ रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह दो समुदायों के बीच गरमागरमी के बीच मुस्लिम समुदाय के कुछ निवासियों ने सोसाइटी में दिवाली की सजावट और दीयों की रोशनी पर आपत्ति जताई. वीडियो में एक व्यक्ति को कहते हुए सुना जा सकता है, “लाइट नहीं जलेगी, दिया नहीं जलेगा,” जिससे तनाव और बढ़ गया. वीडियो में दोनों समुदायों के सदस्यों द्वारा आपसी आरोप-प्रत्यारोप और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया. सूत्रों के अनुसार, इस विवाद की जड़ जून 2024 में हुए एक घटनाक्रम में है, जब सोसाइटी में बकरीद के मौके पर कुछ हिंदू निवासियों ने मुस्लिम निवासियों द्वारा बकरों को सोसाइटी के अंदर लाने और कुर्बानी देने का विरोध किया था. उस समय, सोसाइटी की एक बैठक में निर्णय लिया गया था कि भविष्य में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए कोई भी धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन आम क्षेत्रों में नहीं किया जाएगा.
अब दिवाली के मौके पर, मुस्लिम निवासियों ने उसी निर्णय का हवाला देकर सजावट और लाइटिंग पर आपत्ति जताई. उनका कहना है कि इस निर्णय का पालन दिवाली पर भी होना चाहिए, ताकि सबके लिए समान नियम बनाए जा सकें और समाज में आपसी सहिष्णुता बनी रहे.

