बरेली। कहते हैं नाग नागिन बदला लेते हैं। एक खेत में पुआल इकट्ठा कर रहे युवक ने वहां निकले नाग को मार दिया। इसके एक घंटे बाद ही नागिन ने उसे डस लिया और युवक की भी मौत हो गई। बताया जाता है कि धान कटने के बाद पुआल इकट्ठा कर रहे युवक ने नाग को लाठी से मार दिया था।
सूत्रों के अनुसार क्यारा निवासी गोविंदा कश्यप (32) मजदूरी करके पत्नी नन्ही देवी व पांच बच्चों के परिवार को पालता था। मंगलवार सुबह वह गांव निवासी अतुल सिंह के खेत से धान का पुआल काट रहा था। गांव के पूर्व प्रधान सर्वेश्वर पाल सिंह के मुताबिक पुआल में कोबरा नाग था जिसे देखकर गोविंदा घबरा गया। उसने लाठी से नाग का फन कुचलकर उसे मार दिया। फिर उसे मौके पर ही छोड़कर खाना खाने चला गया। खेत मालिक अतुल सिंह ने बताया कि जब गोविंदा दोबारा से खेत पर पहुंचा। तभी नाग के शव के पास बैठी नागिन ने उसे हाथ में डस लिया। नागिन उसे काटने के बाद खेत में गायब हो गई।

