बैनर में डॉ संजीव बालियान और मंत्री कपिल देव अग्रवाल के फोटो गायब
मुजफ्फरनगर । मीरापुर विधानसभा उपचुनाव में टिकटार्थियों की नाराजगी दूर करने के लिए प्रत्याशी मिथलेश पाल ने राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि जाने अनजाने में मेरे से कोई गलती हो गई हो तो मुझे माफ कर देना। जयंत जी ने मुझे अवसर दिया है। आप सभी भाइयों से मेरा निवेदन है कि भात में मुझे वोट दिलवा देना। इस दौरान बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने उन्हें बुआ बताया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि अति पिछड़े समाज की बहन मिथलेश पाल को जिताने के लिए सभी कार्यकर्ता जुड़ जाए। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी तंज कसे और भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया। हालांकि आज लगाए गए बैनर में डॉ संजीव बालियान और मंत्री कपिल देव अग्रवाल के फोटो गायब रहने से तमाम चर्चाओं का दौर चला।
मीरापुर विधानसभा के उपचुनाव को लेकर शहर के आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में रालोद का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। कार्यकर्ता सम्मेलन में रालोद के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार सहित सभी विधायक और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सभी वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को विधानसभा के उपचुनाव में राष्ट्रीय लोकदल- भाजपा का संयुक्त प्रत्याशी मिथलेश पाल को जीतने का आह्वान किया गया। शामली विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि मतदान के कुछ दिन ही शेष है। बीच में दीपावली भाईदूज के पर्व भी है। दीपावली दीप जलाते समय वोट मांगने हैं। भाईदूज पर भी वोट मांगने के लिए निकलना है। उन्होंने कहा कि इधर-उधर की बातें पार्टी में बहुत हो रही है, लेकिन मिथलेश पाल को जीतने के लिए पूरा मेहनत करनी है। वह 2009 में मोरना से विधायक बनी थी, तब भी वह रालोद से ही टिकट मिला था। वह चौधरी चरण सिंह को भगवान मानती है। थाना भवन के विधायक अशरफ अली ने कहा कि सभी को संकल्प लेना होगा कि एक -एक हजार वोट वह अपनी तरफ से दिलवाएंगे। जयंत चौधरी ने भाईचारा काम किया है, जिसका लाभ उपचुनाव में मिलेगा। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि सभी कार्यकर्ता भाजपा रालोद के गठबंधन प्रत्याशी मिथलेश पाल को वोट दिलाने के लिए मैदान में उतर जाए। मैं भी खुद उनके लिए मेहनत करूंगा। हमें एक अच्छी प्रत्याशी मिली है, जिन्हे जीतकर हमें जयंत चौधरी और चौधरी चरण सिंह जी के सपने को सरकार बनाना है। सांसद चंदन सिंह चौहान, विधायक राजपाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामनगर आदि मौजूद रहे।


