मुजफ्फरनगर। भारतीय संस्कृति एवं कला को युवाओं के मध्य पहुंचाने में संलग्न देशव्यापी संस्था स्पिक मैके ने आज ओड़िसी नृत्य का एक कार्यक्रम सर्कुलर रोड स्थित पब्लिक स्कूल में आयोजित कराया। इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध नृत्यांगना अरूपा गायत्री पंडा ने ओड़िसी नृत्य की बारीकियों से सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ओड़िसी नृत्य की प्रस्तुति लाइव देखना छात्रों के लिए एक अनूठा अनुभव रहा । स्पिक मैके अपने इसी उद्देश्य को लेकर विश्व भर में प्रति वर्ष 5000 से अधिक कार्यक्रम आयोजित कराता है जिससे लाखों छात्र-छात्राएं निःशुल्क अपनी संस्कृति एवं कला से रू-ब-रू हो पाते हैं। इसी श्रृंखला में आज एक पब्लिक स्कूल में भी ओड़िसी नृत्य का सफल प्रस्तुतीकरण हुआ ।
उस्ताद बिसमिल्लाह खान युवा पुरस्कार, गुरु केलुचरन मोहपात्रा युवा प्रतीक सम्मान, ओडिसी ज्योति सम्मान आदि के साथ-साथ दूरदर्शन की ए-ग्रेड कलाकार अरुपा गायत्री पंडा ने ओडिसी नृत्य की विशेषताओ को दर्शाते हुए ऐसा समां बांधा कि खचाखच भरे हाल में सभी तन्मयता से उनके नृत्य का आनन्द लेते रहे। कार्यक्रम का प्रारम्भ मंगलाचरण से करते हुए उन्होंने भगवती स्त्रोतम ‘ जय भगवती देवी नमोः वर दे’ के माध्यम से देवी भगवती के विभिन्न रूपों को नृत्य के माध्यम से दर्शाया। श्री कृष्ण आधारित महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य जी द्वारा लिखित मधुराष्टकम् अधरम् मधुरम् वदनम् मधुरम् के द्वारा श्री कृष्ण के बालरूप की मधुरता को नृत्य के द्वारा उन्होंने मानो सजीव कर दिया।
छात्र – छात्राओं से संवाद करते हुए अरूपा जी ने विभिन्न हस्त मुद्राओ,भाव भंगिमाओं के माध्यम से नृत्य में आभिनय कला के बारे में जानकारी दी। छात्राओं ने उत्साह पूर्वक’ मंच पर आकर कलाकार के साथ इस नृत्य शैली को समझने का प्रयास भी किया। ओडिसी नृत्य के इस कार्यक्रम में अरूपाजी के साथ गायन पर राजेश कुमार लेंका, बांसूरी पर रुद्र प्रसाद परीदा एवं मरदला पर तारिनी प्रसाद दास ने उनका बखूबी साथ निभाया।
दीप प्रज्जवलन कलाकारों एवं स्कूल प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग द्वारा सम्मिलित रूप से किया गया। संचालन श्रीमती रितु मदान ने किया। स्पिक मैके की ओर से डॉ मृदुला मित्तल, डॉ नीति मित्तल उपस्थित रहे।


